-डियारा में व्यक्ति ने अधिकारियों से लगाई मदद की गुहार
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। शहर के डियारा सेक्टर में पानी की लीक होती पाइपों से एक व्यक्ति के मकान को नुकसान पहुंच रहा है। व्यक्ति ने इसकी शिकायत जल शक्ति विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों को दी है।
डियारा सेक्टर के वार्ड नंबर 10 निवासी प्रदीप गुप्ता ने बताया कि उनके घर के पास एक डंगे से पानी के कई कनेक्शन दिए गए हैं। पानी के पाइपों में कट लगे होने के कारण यहां पर हर दिन हजारों लीटर पानी व्यर्थ में बह रहा है। इस पानी से उसके मकान की नींव को खतरा पैदा हो गया है और मकान कभी भी गिर सकता है। व्यर्थ में बह रहे पानी से डंगा भी क्षति ग्रस्त हो रहा है। यदि पानी ऐसे ही बहता रहा तो डंगे पर बनी सड़क और मकान भी क्षतिग्रस्त हो सकते हैं। इसके अलावा मकान में सीलन आने से वहां पर मच्छर पनपन रहे हैं। प्रदीप ने बताया कि उन्होंने जल शक्ति विभाग के अधिकारियों से इसके बारे में बात की और समस्या के समाधान की मांग की, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि उन्होंने इसके बारे में एसडीएम को अवगत कराया है। यदि शीघ्र कोई कार्रवाई नहीं होती है तो उन्हें कोर्ट का रुख करना पड़ेगा।