सरकारी कर्मी से बदसलूकी-मारपीट करने वालों के कोर्ट से जारी कराए जाएंगे वारंट, घोषित होगा ईनाम
बिलासपुर(रामपुर)। सरकारी कर्मी से मारपीट-बदसलूकी करने के आरोपियों पर अब पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पुलिस मामले में फरार आरोपियों के खिलाफ कोर्ट से वारंट जारी कराने के साथ ही ईनाम घोषित करेगी। इसके बाद गुंडा एक्ट और जिला बदर को लेकर भी पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
22 सितंबर को ग्राम विकास अधिकारी राजीव कुमार ब्लॉक परिसर स्थित एडीओ पंचायत के कार्यालय में अपना कामकाज निपटा रहे थे। आरोप है कि ग्राम महूनागर निवासी अफसान खां, उस्मान खां, आलमगीर और सब्बू उनके कार्यालय में आए थे। सचिव का आरोप था कि उक्त लोगों ने उनसे एक व्यक्ति की मृत्यु का फर्जी प्रमाण पत्र बनाने को कहा। जिसका उसने विरोध किया था। इसी बात को लेकर चारों ने उसके साथ मारपीट की और सरकारी अभिलेख फाड़ते हुए उनके मुंह पर थूक दिया था। इतना ही नहीं सचिव की कनपटी पर रिवाल्वर रखते हुए जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। घटना से सभी ब्लॉक कर्मियों में आक्रोश पैदा हो गया था।
इसके बाद राजीव ने कोतवाली में पहुंचकर चारों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद सभी कर्मियों ने 23 सितंबर को जिला मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन कर डीएम व एसपी को ज्ञापन भी दिए थे और दोषियों को गिरफ्तार करने की मांग की गई थी। पंचायत कर्मियों के बढ़ते दबाव को लेकर पुलिस ने उस्मान खां को आनन फानन में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जबकि अन्य तीनों आरोपी अफसान, आलमगीर और सब्बू पुलिस की पकड़ से दूर हो गए। पुलिस उन्हें गिरफ्तार करने के लिए लगातार दबिश भी दे रही थी, मगर कोई नतीजा नहीं निकल सका। पुलिस अब इन फरार आरोपियों के खिलाफ वारंट जारी कराने की तैयारी में लग गई है। इसके साथ ही पुलिस फरार आरोपियों पर ईनाम घोषित करने के साथ ही जिला बदर व गुंडा एक्ट के तहत भी कार्रवाई करने को लेकर प्रक्रिया शुरू करेगी।
-बिलासपुर में सरकारी कर्मी से बदसलूकी-मारपीट करने के मामले में फरार चल रहे आरोपियों के खिलाफ अब कोर्ट से वारंट जारी कराए जाने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही इन फरार आरोपियों पर ईनाम भी घोषित किया जाएगा। आरोपियों पर सख्त कार्रवाई के लिए गुंडा एक्ट व जिला बदर के लिए भी कार्रवाई शुरू की जा रही है। -अंकित मित्तल, एसपी-रामपुर