- घाघस स्कूल में एनएसएस के सात दिवसीय शिविर का समापन
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला घागस में चल रहे राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के सात दिवसीय विशेष शिविर का शुक्रवार को समापन हो गया। शिविर का समापन प्रधानाचार्य कमल शर्मा की अध्यक्षता में किया गया। समारोह में स्वयंसेवियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
समापन समारोह में सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य अमरनाथ बंगा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से विद्यार्थियों में मिलकर काम करने की भावना का विकास होता है। सामान्य और आपदा वाली परिस्थितियों में भी राष्ट्रीय सेवा योजना महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवी निस्वार्थ भाव से राष्ट्र सेवा करते हैं। उन्होंने सात दिनों में स्वयंसेवकों द्वारा किए गए कार्यों का अवलोकन किया और उनकी सराहना की। अंकिता ने राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय शिविर में किए गए कार्यों की रिपोर्ट सभी के समक्ष प्रस्तुत की। प्रधानाचार्य ने बताया कि इस प्रकार के शिविरों के माध्यम से विद्यार्थियों में सेवा भाव जागृत होते हैं। यह समाज में स्वच्छता, कन्या भ्रूण हत्या, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, नशा निवारण, रक्तदान, पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बताया कि स्वयंसेवियों ने गांव देवली और चमलोग में स्थित मंदिर परिसर की सफाई भी की। इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी विजय पाल सिंह, सीमा शर्मा, राजेंद्र कुमार, विनोद शर्मा, सीमा पाठक, सुरेश ठाकुर, रजनीश ठाकुर, कृष्ण लाल और अन्य उपस्थित रहे।