-नितिन मित्तल, कुलभूषण और राहुल बने मैन ऑफ द मैच
-अल्ट्राटेक ने जीत के साथ क्वार्टर फाइनल के लिए किया क्वालीफाई
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। अंतर विभागीय क्रिकेट प्रतियोगिता के तहत पांचवें दिन तीन मैच खेले गए। पहले मैच में अल्ट्राटेक टीम ने एक्साइज एंड इलेक्ट्रिसिटी, दूसरे मैच में डीजे टीम ने बैंकर और तीसरे मैच में फॉरेस्ट इलेवन को हराया। अल्ट्राटेक ने जीत के साथ क्वार्टर फाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया।
पहले मैच में एक्साइज एंड इलेक्ट्रिसिटी टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। बल्लेबाजी करने उतरी अल्ट्राटेक ने निर्धारित 15 ओवर में छह विकेट खोकर 100 रन बनाए। इसमें कमल ने 19, विजय ने 27 और अभिषेक ने 22 रन का योगदान दिया। एक्साइज एंड इलेक्ट्रिसिटी टीम की ओर से राजीव ने तीन विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी एक्साइज एंड इलेक्ट्रिसिटी टीम 15 ओवर में आठ विकेट खोकर 95 ही बना पाई। इसमें अजय ने 28, विवेक ने 16 और राजन ने 29 रन का योगदान दिया। अल्ट्राटेक-11 की ओर से कुलभूषण ने शानदार गेंदबाजी की और दो विकेट हासिल किया। कुलभूषण को इसके लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरे मैच में बैंकर इलेवन टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 15 ओवर में सात विकेट खोकर 112 रन बनाए। इसमें अनुराग ने 35 और हितेंद्र ने 17 रन की पारी खेली। डीजे की ओर से कप्तान नितिन मित्तल ने दो और अंकु ने तीन विकेट हासिल किए। डीजे इलेवन की टीम ने 14.1 ओवर में तीन विकेट खोकर लक्ष्य को हासिल कर लिया। इसमें कप्तान नितिन मित्तल ने 41 और विनीत ने 26 रन का योगदान दिया। कप्तान नितिन मित्तल को शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
तीसरे मैच में हेल्थ इलेवन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया और 13.1 ओवर में मात्र 58 रन पर ऑल आउट हो गई। इसमें निशांत ने 18 और जसपाल ने 13 रन का योगदान दिया। फॉरेस्ट इलेवन की टीम की ओर से कप्तान सतपाल ने तीन विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी फॉरेस्ट इलेवन की टीम ने बिना विकेट खोए मात्र 5.3 ओवर में लक्ष्य को हासिल कर लिया। इसमें राहुल ने 30 और हंसराज ने 16 रन की पारी खेली। राहुल को बेहतरीन पारी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।