धौणकोठी में घर पर गिरा पीपल का पेड़, नुकसान का जायजा लेते विधायक और एसडीएम। संवाद
- फोटो : BILASPUR
बिलासपुर। सदर उपमंडल के गांव धौणकोठी में सोमवार शाम को आंधी चलने से एक घर पर पीपल का विशालकाय पेड़ गिर गया। गनीमत रही कि परिवार बाल-बाल बच गया। पेड़ गिरने से छत क्षतिग्रस्त हो गई है और दीवारों में दरारें आग गई हैं। पीड़ित परिवार को करीब 5,00,000 रुपये का नुकसान हुआ है। प्रशासन ने 10,000 रुपये की फौरी राहत प्रदान की है।
जानकारी अनुसार सोमवार शाम को आंधी चलने से धौणकोठी गांव के निवासी छोटा राम के घर पर पेड़ गिर गया। उस समय छोटा राम अपने परिवार के साथ घर में मौजूद थे। वे बाल-बाल बच गए। सूचना मिलने पर पंचायत प्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रशासन को इसकी सूचना दी। मंगलवार सुबह सदर विधायक सुभाष ठाकुर और एसडीएम सदर रामेश्वर दास मौके पर पहुंचे। विधायक ने प्रशासनिक अधिकारियों को आगामी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। एसडीएम रामेश्वर दास ने बताया कि पीड़ित परिवार को 10,000 रुपये की फौरी राहत प्रदान की गई है।