बिलासपुर (रामपुर)। मंगलवार की सुबह पंजाब में हुए सड़क हादसे में कार सवार तीन युवकों की मौत हो गई है। जिनमें एक युवक बिलासपुर, एक मिलकखानम क्षेत्र और एक उत्तराखंड के रुद्रपुर (उधमसिंह नगर) जनपद के हैं। तीनों युवकों की मौत होने से उनके घर में कोहराम मच गया है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम डिबडिबा निवासी हरजिंद्र सिंह (44) अपने दो दोस्तों सीमांत प्रदेश उत्तराखंड के जिला उधमसिंहनगर के कस्बा बिगवाड़ा निवासी वीरेंद्र सिंह सामंती (38) तथा मिलक खानम थाना क्षेत्र के ग्राम माटखेड़ा नंबर पांच निवासी गुरतेज सिंह (32) पुत्र सुखविंदर सिंह के साथ दो दिन पूर्व पंजाब प्रांत के जिला गुरदासपुर के शहर बटाला निवासी एक रिश्तेदारी में आयोजित विवाह समारोह में भाग लेने के लिए गए थे।
जानकारी के अनुसार, तीनों दोस्तों ने पंजाब के ही होशियारपुर के पास एक गुरुद्वारे में कोई मन्नत मांग रखी थी। जिसका उन्होंने अखंड पाठ रखवाया था। मंगलवार को गुरुद्वारे में अखंड पाठ का भोग डाला जाना था और वह तीनों बटाला से कार से होशियारपुर के गुरुद्वारे जा रहे थे। सुबह करीब दस बजे बटाला होशियारपुर रोड पर कस्बा हरगोविंदपुर के समीप एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में उनकी कार अनियंत्रित हो गई और एक पेड़ से टकराकर रोड किनारे खाई में जाकर पलट गई। हादसे में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर तमाम लोग एकत्र हो गए और सूचना पर बटाला पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस के पहुंचने तक तीनों युवकों की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। तीनों युवकों की मौत के बाद उनके घरों में कोहराम मच गया और परिजन पंजाब पहुंच गए। बटाला पुलिस ने तीनों युवकों का पोस्टमार्टम कराने के बाद उनके शवों को परिजनों को सौंप दिया है। परिजन तीनों युवकों के शवों को लेकर अपने घरों के लिए चल दिए हैं। बुधवार की सुबह तीनों युवकों का उनके गांवों में अलग-अलग अंतिम संस्कार किया जाएगा। तीनों युवकों की मौत की खबर से उनके घर पर शोक जताने वालों की भीड़ लग गई। मंगलवार को पंजाब में हुई घटना से स्थानीय क्षेत्रवासी स्तब्ध हैं।