केमरी /बिलासपुर। केमरी पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया मोटर चोरी का आरोपी कोर्ट में पेशी पर लाने के दौरान पुलिस की बाइक से कूदकर फरार हो गया। जैसे ही आरोपी के फरार होने की खबर उच्चाधिकारियों को लगी, तो हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस अफसर भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने आरोपी की तलाश में सघन चेकिंग अभियान चलाया, जिसके बाद करीब दो घंटे के बाद पुलिस ने उसे दोबारा दबोच लिया।
केमरी पुलिस ने शुक्रवार को चोरी के आरोप में केमरी थाना क्षेत्र के मुंडियाकलां गांव निवासी आरिफ पुत्र भूरे को गिरफ्तार किया था। जिसके बाद पुलिस कर्मी आरोपी को बाइक पर बैठाकर कोर्ट में पेश करने के लिए ले जा रहे थे। इस बीच शहर में बरेली गेट के पास मदीना मस्जिद के पास भीड़ अधिक होने की वजह से पुलिस कर्मियों ने बाइक को धीमा कर दिया। इसी का फायदा उठाकर बाइक पर बैठे आरोपी आरिफ बाइक से कूदकर गलियों में भाग गया। जैसे ही आरिफ भागा पुुलिस कर्मियों के हाथ पांव फूल गए। उन्होंने पीछा किया, लेकिन आरिफ हत्थे नहीं आया। बाद में घटना की जानकारी पुलिस कर्मियों ने उच्चाधिकारियों को दी। सूचना पाकर अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संसार सिंह अफसरों के साथ मौके पर पहुंच गए। साथ ही गंज व कोतवाली पुलिस भी मौके पर आ गई। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरु कर दी, करीब दो घंटे बाद पुलिस ने आरिफ को दोबारा दबोच लिया।