बिलासपुर। कोतवाली क्षेत्र में चोरों ने एक आंगनबाड़ी वर्कर के घर में नकब लगाकर चोर नकदी, जेवर समेत अन्य सामान चुरा कर ले गए। ग्रामीणों ने गांव की नदी किनारे से खाली संदूक भी बरामद किए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रामनगर निवासी आंगनबाड़ी वर्कर जगवीर कौर के पुत्र यशपाल सिंह के अनुसार वह रविवार को रक्षाबंधन का त्योहार मनाने के लिए पत्नी नवजीत कौर के साथ ससुराल उत्तराखंड प्रदेश के नैनीताल जिले के काठगोदाम गया था। वह अपने कमरे में ताला लगा कर गया था। जबकि, परिवार के अन्य लोग घर पर ही थे। मंगलवार की सुबह जब वह अपने घर लौटा और कमरा खोला तो देखा कि कमरे में पीछे की दीवार में नकब लगा हुआ था। कमरे के अंदर सारा सामान बिखरा हुआ था। कमरे के अंदर रखे दोनों संदूक भी गायब थे। घर में चोरी होने की सूचना उसने जब परिजनों को दी तो पूरे घर में हड़कंप मच गया। आंगनबाड़ी वर्कर जगवीर कौर ने आननफानन में आसपास के लोगों को भी बुला लिया। किसी ग्रामीण ने सूचना दी कि गांव के पास स्थित नदी किनारे खाली दोनों संदूक पड़े हैं। परिजन दौड़कर जब मौके पहुंचे तो उन्होंने संदूक की शिनाख्त कर ली। लोगों के लोगों का कहना है संभावना है कि चोर नदी किनारे संदूक लेकर पहुंचे होंगे और वहां पर संदूक खाली करके सामान का बंटवारा भी किया होगा। उसने मामले की सूचना पुलिस को देने की बात कही है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी इंद्रेश सिंह कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। लोगों का कहना है कि इससे पूर्व चोरों ने क्षेत्र के ग्राम डिबडिबा निवासी शीशपाल सिंह के मकान के ताले तोड़कर करीब दो लाख रुपये माल चुरा लिया था। पुलिस ने अभी तक इस मामले में भी रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। क्षेत्र में चोरी की दूसरी वारदात होने से लोगों में रोष है।