-सब्जियों की फसल के साथ आम के पौधों को हुआ नुकसान
-बिजली बोर्ड ने सुबह से ही शुरू किया मरम्मत कार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलसापुर। जिले में मंगलवार को देर रात तक हुई बारिश और तेज आंधी से बिजली के खंभे और पेड़ गिर गए। इससे कई क्षेत्रों में बुधवार को दिन भर बिजली गुल रही। साथ ही सब्जियों की फसल और आम के पौधों को काफी नुकसान पहुंचा है।
तेज आंधी से शिक्षा विभाग कार्यालय के बाहर बिजली का एक खंभा टूट कर गिर गया। इस कारण साथ लगते अन्य बिजली के खंभों की बिजली की तार खींचने से नुकसान हुआ है। हालांकि बिजली बोर्ड के कर्मचारियों ने सुबह से ही मरम्मत कार्य शुरू कर दिया। इसके चलते चंगर सेक्टर और कई सरकारी कार्यालयों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। शिक्षा विभाग के कार्यालय के बाहर गिरे खंभे को बदला गया। साथ ही और अन्य खंभों को भी सीधा किया गया। खंभों के तारों काे भी सही किया गया। कई जगहों पर पेड़ भी गिरे हुए थे। तेज हवाओं से सब्जियों के फूल और पत्ते झड़ गए। तेज हवाएं से सड़कों के किनारे लगे होर्डिंग भी टूट गए।
कृषि विशेषज्ञों के अनुसार यह बारिश मक्की बीजने वाले किसानों के लिए राहत भरी है। इस समय बीजाई की जाए तो फसल को लगने वाले रोग पाल आर्मी वर्म रोग का खतरा कम हो जाता है। कृषि विशेषज्ञ रवि शर्मा ने बताया कि भारी ओलावृष्टि से सब्जी की फसल को नुकसान होने का अनुमान है। जिले की बात की जाए तो यहां करीब 8,000 हेक्टेयर पर सब्जियां उगाई जाती हैं। ऐसे में कई किसानों को नुकसान हुआ है। कृषि विज्ञान केंद्र बरठीं के प्रभारी डॉ. सुमन कुमार ने बताया कि आगामी तीन दिनों तक मौसम खराब रहने और कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश होने की संभावना है। सुबह कम वर्षा, दोपहर को आंधी और शाम को गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। हालांकि बुधवार दिन भर आसमान में बादल छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं हुई।