पितृपक्ष में कम रही श्रद्धालुओं की आवाजाही, दुकानदारों ने चुनरी, प्रसाद और पूजा सामग्री का किया इंतजाम
संवाद न्यूज एजेंसी
श्री नयना देवी जी (बिलासपुर)। प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री नयना देवी जी में रविवार से शुरू हो रहे शारदीय नवरात्र को लेकर बाजार के कारोबारियों में उत्साह है। पितृपक्ष के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या अपेक्षाकृत कम रहने से कारोबार प्रभावित रहा। अब नवरात्र शुरू होने के साथ ही दुकानदारों को बाजार में रौनक लौटने और बिक्री बढ़ने की उम्मीद है। इसके लिए दुकानदारों ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। दुकानों में माता की चुनरियों, नारियल, प्रसाद, फूल-मालाओं और पूजा सामग्री का पर्याप्त प्रबंध किया गया है। श्री नयना देवी जी में देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। नवरात्र के दौरान भक्तों की आवाजाही बढ़ने से मंदिर के आसपास के बाजार में भी चहल-पहल बढ़ जाती है। इसका लाभ प्रसाद, पूजा सामग्री, चुनरी, खिलौने और अन्य सामान बेचने वाले दुकानदारों को मिलता है। वहीं, खानपान और छोटे कारोबार से जुड़े लोगों को भी अच्छी आमदनी की उम्मीद रहती है। दुकानदारों का कहना है कि पितृपक्ष के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही कम रहने से बाजार में अपेक्षाकृत कम रौनक रही और कारोबार भी उम्मीद के अनुरूप नहीं हुआ। अब शारदीय नवरात्र शुरू होने से बाजार में फिर से तेजी आने की संभावना है। दुकानदारों ने श्रद्धालुओं की मांग को ध्यान में रखते हुए सामान जुटा लिया है और दुकानों को व्यवस्थित कर लिया है।
नवरात्र में बढ़ेगी बाजार में खरीदारी
दुकानदार बाबू ने बताया कि पितृपक्ष में श्रद्धालुओं की संख्या कम रहने से बाजार में रौनक नहीं थी और कारोबार पर भी असर पड़ा। अब नवरात्र शुरू होने जा रहे हैं। उन्हें उम्मीद है कि माता के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे। इसके लिए दुकान में जरूरी सामान का प्रबंध कर लिया गया है।
पूजा सामग्री का किया पर्याप्त इंतजाम
दुकानदार सुरेश कुमार ने कहा कि श्री नयना देवी जी में नवरात्र का विशेष महत्व है। इन दिनों देशभर से श्रद्धालु माता के दरबार में पहुंचते हैं, जिससे बाजार में खरीदारी बढ़ती है। पितृपक्ष में कारोबार धीमा रहा, लेकिन अब नवरात्र के दौरान अच्छी आमद से बिक्री बढ़ने की उम्मीद है।
दुकानदार मनु कुमार ने बताया कि नवरात्र के दौरान श्रद्धालु पूजा सामग्री, प्रसाद और अन्य जरूरी सामान खरीदते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए दुकान में पर्याप्त सामान रखा गया है। पितृपक्ष में ग्राहकों की संख्या कम रहने से बिक्री प्रभावित हुई थी। अब कारोबार में सुधार की उम्मीद है।
दुकानदार अशोक कुमार ने कहा कि नवरात्र स्थानीय कारोबारियों के लिए महत्वपूर्ण समय होता है। श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने से दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही बढ़ती है। नवरात्र के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उम्मीद है कि इस बार श्रद्धालुओं की अच्छी आमद से कारोबार को गति मिलेगी और दुकानदारों को बेहतर आमदनी होगी।
बाबू
बाबू
बाबू