निशुल्क काउंसलर का प्रबंध कर नशे से दूर रहने के लिए किया जाएगा प्रेरित
नशे के आदि युवकों के अभिभावक पुलिस से करें संपर्क
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। घुमारवीं पुलिस नशे के आदी युवाओं के लिए बड़ा अभियान शुरू करने जा रही है ताकि उनके जीवन को बचाया जा सके। यह बात घुमारवीं पुलिस उप अधीक्षक चंद्रपाल सिंह ने कही।
उन्होंने कहा कि घुमारवीं में ग्रामीण क्षेत्रों तक नशे ने पैर पसार लिया है। युवाओं को चिट्टा, अफीम और चरस जैसे नशीले पदार्थ मिलना अब साधारण बात हो गई है। जागरूकता कार्यक्रमों के बाद भी युवा इस गर्त से बाहर नहीं निकल रहे हैं। खुद की जिंदगी से तो खिलवाड़ कर रहे हैं लेकिन परिवार के लिए भी परेशानी बने हैं। नशे की आदतों को पूरा करने के लिए वे चोरी तक कर रहे हैं।
उन्होंने
बताया कि पुलिस जल्द ही युवाओं के लिए निशुल्क काउंसलर का प्रबंध कर नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करेगी। सक्षम डॉक्टर एवं काउंसलर की उपस्थिति में काउंसलिंग कर उनका स्वास्थ्य प्रशिक्षण करवाया जाएगा। उन्हें नशे से निजात पाने के उपाय भी बताए जाएंगे। उन्होंने लोगों से अपील की जिनके बच्चे नशे के आदि हैं कि वे पुलिस को समस्या बताएं। इसके बाद पुलिस उनके बच्चे को नशे से बाहर निकलने में पूरी मदद करेगी।
चंद्रपाल ने कहा कि नशे को लेकर दूरभाष नंबर 01978-255216, 01978-255565, 76509-50414 या 70189-89173 पर जानकारी दे सकते हैं। कोई ऐसे मां बाप या अन्य व्यक्ति जिनके घर से कोई युवा नशे के आदी हो चुका है वह उनसे निजी तौर पर मिलकर अपनी समस्या बता सकता है। ऐसे सभी लोगों की जानकारी गुप्त रखी जाएगी।