- आर्यन पब्लिक स्कूल में हर्षोल्लास से मनाया गया वार्षिक समारोह
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। आर्यन पब्लिक स्कूल बिलासपुर का वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह भाषा एवं संस्कृति विभाग के ऑडिटोरियम में मनाया गया। समारोह की अध्यक्षता स्कूल प्रधानाचार्य पंकज ठाकुर ने की। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने हिमाचली नाटी, राजस्थानी नृत्य, पंजाबी भंगड़ा सहित श्रीराम और हनुमान चालीसा पर विशेष नृत्य और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
समारोह में शैक्षणिक, खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। खेल क्षेत्र में प्रणव चंदेल और शिवांश को राष्ट्रीय स्तर के खेलों में भाग लेने के लिए 3100-3100 रुपये की राशि देकर सम्मानित किया गया। समारोह में उप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा बीडी शर्मा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। स्कूल प्रबंधन ने मुख्यातिथि का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। प्रधानाचार्य पंकज ठाकुर ने स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की और वर्ष भर की गतिविधियों के बारे में सभी को अवगत करवाया। मुख्य अतिथि बीडी शर्मा ने बताया कि बच्चों के जीवन में माता-पिता के साथ-साथ अध्यापकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। बच्चों के भविष्य को संवारने के लिए अध्यापक बहुत मेहनत करते हैं। उन्होंने बताया कि अभिभावक अपने बच्चों पर पूरी नजर रखें। समाज में आजकल नशे का भी बहुत प्रभाव है, जिससे बच्चों को बचाना बहुत जरूरी है। उन्होंने प्रार्थना सभा के महत्व के बारे में भी सभी को अवगत कराया। इस अवसर पर सभी अध्यापक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।