बिलासपुर। प्रदेश हैंडबाल एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने मलारी हैंडबाल एकेडमी का दौरा किया। वे खिलाड़ियों से रूबरू हुए और अकादमी के विकासात्मक ढांचे का जायजा लिया।
इस मौके पर एचएफआई के संयुक्त सचिव, हिमाचल प्रदेश हैंडबाल एसोसिएशन के महासचिव नंद किशोर और सीईओ प्रो. डॉ. परवेश शर्मा भी उपस्थित रहे। डॉ. परवेश शर्मा ने एकेडमी के संचालन में भारतीय फौज में बेहतरीन खिलाड़ी और कोच रहे हैंडबाल कोच कै. राजेश मेहता के प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों को उनके तुजुर्बे से लाभ उठाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि हैंडबाल जैसे खेल से बच्चे जहां भविष्य की नींव को सुदृढ़ और सबल बना सकते हैं वहीं अच्छी सेहत के मालिक भी बन सकते हैं। इस मौके पर रावमापा बरठीं के प्रधानाचार्य यशपाल सिंह पटयाल ने लोगों और बच्चों का आह्वान किया कि कोई भी खेल खिलाड़ी की ऊर्जा को सही दिशा देने में मदद करता है। इस अवसर पर पदाधिकारियों ने खिलाड़ी बच्चों को फल बांटे।
इस मौके पर नेशनल हैंडबाल खिलाड़ी गौरव चौधरी, प्रधानाचार्य रावमापा बरठीं यशपाल सिंह पटियाल, सेवानिवृत्त पीईटी ऋषि राम शर्मा, वासुदेव शर्मा, शुषम चंदेल, राज कुमार कौशल, पंचायत प्रधान विजय कौशल, कुलवंत पटियाल, गोपाल सिंह, धर्म सिंह, करतार सिंह, पीईटी सुनील कुमार, विचित्र सिंह पटियाल, डीपीई रमेश कुमार ठाकुर, राजकुमार सहित दर्जनों खिलाड़ी उपस्थित थे।