संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। नगर परिषद घुमारवीं में सीवरेज योजना (मल निकासी) से अब छूटे हुए घर भी जुड़ेंगे। शहर के सभी घरों को योजना में कवर करने के लिए लिए 13.53 करोड़ रुपये और खर्च किए जाएंगे। जल शक्ति विभाग के पास यह यह बजट आ चुका है।
बता दें कि घुमारवीं नगर परिषद में सात वार्ड है। इन वार्डों के 925 घरों को पहले ही सीवरेज लाइन से जोड़ा जा चुका है, लेकिन सैकड़ों घर ऐसे हैं जो अभी तक सीवरेज लाइन से नहीं जुड़ पाए हैं। इन घरों को सीवरेज लाइन से जोड़ने के लिए जल शक्ति विभाग ने प्राक्कलन तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेजा गया था। प्राक्कलन को स्वीकृति मिलने के साथ ही बजट भी विभाग के पास पहुंच चुका है। इस बजट से छूटे हुए घरों के लिए अतिरिक्त सीवरेज लाइन बिछाने के साथ ही ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण भी किया जाएगा।
515 परिवार होंगे लाभान्वित
नगर परिषद घुुमारवीं के झुंगी, हारकुकाहार, सिल्ह, दकड़ी, टिक्करी, कोर्ट कॉलोनी में करीब नौ किलोमीटर लंबी सीवरेज लाइन डाली जाएगी। टिक्करी वार्ड में अत्याधुनिक तकनीक से ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण किया जाएगा। नई लाइन का लाभ लगभगत 515 परिवारों को मिलेगा।
चिर लंबित मांग होगी पूरी
स्थानीय निवासी संदीप शर्मा, कुलदीप लखनपाल, अमित कुमार, मनोज कुमार व अर्पित रतवान ने कहा कि छूटे हुए घरों को सीवरेज सुविधा से जोड़ने को लेकर लंबे समय मांग की जा रही थी। सीवरेज लाइन के लिए बजट की स्वीकृति होने से चिर लंबित मांग पूरी हुई है।
शहर में छूटे हुए घरों को अब जल्द ही सीवरेज योजना से जोड़ दिया जाएगा। नई लाइन बिछाने और ट्रीटमेंट प्लांट बनाने के लिए 13.53 करोड़ रुपये का बजट प्राप्त हो गया है। जल्द ही काम शुरू करवा दिया जाएगा।
अरविंद वर्मा
अधिशासी अभियंता, जलशक्ति विभाग
घुमारवीं शहर की समस्याओं से भलीभांति वाकिफ हूं। शहर में कुछ क्षेत्रों के लोग सीवरेज योजना की सुविधा से वंचित रह गए थे। अब वंचित घरों को योजना से जोड़ने के लिए सीवरेज लाइन बिछाई जाएगी। इसके लिए प्रदेश सरकार ने बजट जारी कर दिया है। शहर वासियों की हर सुख सुविधा का ध्यान रखा जा रहा है।
राजेंद्र गर्ग, खाद्य नागरिक आपूर्ति मंत्री