श्री नयना देवी जी(बिलासपुर)। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री सरवीण चौधरी ने वीरवार को मां श्री नयना देवी मंदिर में हाजिरी भरी। उन्होंने पूजा-अर्चना कर माता के दर्शन किए। मंदिर न्यास की तरफ से उन्हें माता की चुनरी एवं प्रसाद आशीर्वाद स्वरूप भेंट किया गया।
इस मौके पर पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में सरवीण चौधरी ने कहा कि संक्रांति के पावन उपलक्ष्य पर माता श्री नयना देवी के दर्शनों का अवसर उन्हें मिला। माता का दरबार पूरे विश्व में मशहूर है और हर कोई यहां पर माता की पूजा अर्चना करने के लिए आना चाहता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों व देश के जवानों के लिए काफी सुविधाएं उपलब्ध करवाई है।
भाजपा ने ही जय जवान जय किसान का नारा सही मायनों में बुलंद किया है। पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की दुनिया में अलग पहचान बनी है। इस मौके पर मंदिर न्यास के अधीक्षक अश्विनी कुमार, मंदिर कर्मचारी यूनियन के प्रधान महेंद्र सिंह ठाकुर, मंदिर न्यासी सुरेश शर्मा नीलम शर्मा, पुजारी अंकुर शर्मा, विशाल, ललित, मोहन मौजूद रहे।