संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। शहर के सांडू मैदान में स्थित भारतीय संस्कृति की पहचान एवं सर्वधर्म एकता का प्रतीक खाकी शाह मजार को तोड़ने के विरोध में स्थानीय लोग एकजुट हो गए हैं। सोमवार को शहर में विरोध रैली निकालकर उपायुक्त पंकज राय को ज्ञापन सौंपा।
बिलासपुर के प्रमुख समाज सेवकों और लोगों ने नगर पार्षद रोहित कुमार, सोनिया, नरेश कुमारी, पूर्व पार्षद अनिल किशोर, हिंदू विशाल सभा के सदस्य अनिकेत, रजत कुमार की संयुक्त अगुवाई में उपायुक्त पंकज राय के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को ज्ञापन भेजा।
ज्ञापन में मांग की गई कि पिछले महीने बिलासपुर के प्राचीन रंगनाथ मंदिरों के साथ राजाओं के समय में स्थापित भारतीय संस्कृति की पहचान एवं सर्वधर्म एकता का प्रतीक प्राचीन खाकी शाह मजार को कुछ असामाजिक तत्वों ने रात के अंधेरे में तोड़ दिया था लेकिन आज तक पुलिस ने असामाजिक तत्वों को गिरफ्तार नहीं किया है।
सदर थाना में एफआईआर भी दर्ज करवाई थी। उन्होंने मांग की है कि जिले का शांतिप्रिय माहौल बिगाड़ने वाले ऐसे असामाजिक तत्वों को 7 दिनों के अंदर गिरफ्तार किया जाए।