बिलासपुर तहसील सभागार में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर मंथन करते एसडीएम निरंकार सिंह। संवा?
- फोटो : BILASPUR
बिलासपुर। मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत रविवार को उप जिलाधकारी निरंकार सिंह तथा तहसीलदार सुनील कुमार ने क्षेत्र का भ्रमण कर मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान पांच बीएलओ गैरहाजिर मिले। एसडीएम ने सभी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने का संस्तुति पत्र डीएम को भेज दिया है।
उप जिलाधिकारी रविवार को मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम का जायजा लेने दोपहर करीब 12 बजे ग्राम सिसौना पहुंचे, जहां बीएलओ मौजूद मिले। इसके बाद ग्राम मंसूरपुर में एक बीएलओ मोहम्मद कासिम गैरहाजिर मिले। एसडीएम को बताया गया कि वह बिना सूचना गैरहाजिर हैं। एसडीएम ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की संस्तुति की।
ग्राम करसोला में एक बीएलओ अनुपस्थित थे, जिनके बारे में बताया गया कि वह कोविड-19 ड्यूटी में लगे हुए हैं। ग्राम अहरो मतदान केंद्र पर एक बीएलओ अनुपस्थित थे। उनके बारे में दूसरे बीएलओ ने बताया कि वह बीमार है और उनका प्रार्थनापत्र भी मौजूद है। तहसीलदार ने ग्राम मानपुर ओझा पहुंचकर छह बूथों का निरीक्षण किया। यहां तहसीलदार को छह में चार बीएलओ साबिया मेराज, देवांशी कटिहार, मंजू शर्मा, जसकिरन कौर गैरहाजिर मिलीं।
तहसीलदार ने उनके खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज कराने की संस्तुति की। ग्राम गोकुल नगरी में सभी बीएलओ उपस्थित पाए गए। एसडीएम ने बताया कि गैरहाजिर सभी पांच बीएलओ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्य में किसी प्रकार की कोई भी शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।