संवाद न्यूज एजेंसी
बरठीं (बिलासपुर)। घुमारवीं-शाहतलाई सड़क पर पंचायत बलोह के खरोटा गांव में सड़क किनारे पानी की निकासी न होने से लोगों के घरों में बरसात का पानी घुस गया। इससे कई घरों को भारी नुकसान पहुंचा है और लोगों के आंगन तालाब बन गए। रातभर लोग घरों के आंगन से पानी निकालने में जुटे रहे।
बुद्धि सिंह, प्यारे लाल, लेख राम और रवि कुमार सहित अन्य ग्रामीणों ने कहा कि सड़क के पानी को लेकर उन्होंने पंचायत और विभागीय अधिकारियों से कई बार गुहार लगाई थी कि बरसात का सारा पानी उनके घरों में घुस रहा है। इसलिए सड़क पर नालियों को दुरुस्त कर पानी के बहाव को रोका जाए ताकि उनके घरों और फसल कोनुकसान न हो। लेकिन लोगों की गुहार को अनदेखा किया गया।
मंगलवार रात हुई तेज बारिश के कारण सड़क किनारे पानी की निकासी न होने से नालियों का पूरा मलबा और गंदा पानी घरों में घुस गया। पानी और मिट्टी के कारण घर के अंदर रखा सामान भी बर्बाद हो गया। ग्रामीणों ने बताया कि बरसात से पहले समाधान के लिए उन्होंने पंचायत और लोक निर्माण विभाग से आग्रह किया था लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस कारण सड़क का सारा पानी उनके घरों और खेतों में आ गया है। उन्होंने पंचायत और लोक निर्माण विभाग से आग्रह किया है कि सड़क पर नालियों का निर्माण कर उनको राहत दी जाए।
मौके पर जाकर करेंगे कार्रवाई : कैंथ
लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता सुरजीत कैंथ ने बताया कि वह मौके पर जाकर उचित कार्रवाई करेंगे यदि नालियां बंद हुई हैं तो उनको खुलवा दिया जाएगा। लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करवाएंगे।