गौ वंश के संरक्षण के लिए धरना देते समिति सदस्य
- फोटो : अमर उजाला
चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय उच्च मार्ग 21 पर बागी-बिनौला के समीप प्रगति समाज सेवा समिति के सदस्यों गौवंश के संरक्षण के लिए जमकर हल्ला बोला। समिति के सदस्याओं ने प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। धरना समिति के अध्यक्ष सुनील शर्मा की अगुवाई में किया गया।
इस मौैके पर समिति के सदस्यों ने लावारिस गौवंश के लिए स्थायी समाधान की मांग करते हुए नारेबाजी भी की। समिति के अध्यक्ष सुनील शर्मा ने सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश उच्च न्यायालय ने प्रदेश सरकार को एक वर्ष पहले बेसहारा गौवंश की समस्या का स्थायी समाधान करने के आदेश जारी किए थे लेकिन इसके बावजूद भी प्रदेश सरकार ने इस बारे कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाए हैं।
इससे यह समस्या और विकराल हो गई है। वर्तमान समय में लावारिस गौवंश के पशुओं की स्थिति पर नजर दौड़ाई जाए तो सड़क दुर्घटनाओं में इन लावारिस पशुओं की मौत हो रही है।
समिति के सदस्यों ने एलान किया कि यदि शीघ्र लावारिस गौवंश की समस्या का स्थायी हल नहीं निकाला गया तो प्रदेश सरकार के खिलाफ आंदोलन शुरू किया जाएगा। इसकी सारी जिम्मेवारी प्रदेश सरकार की होगी।
इसके अलावा प्रगति समाज सेवा ने घागस, कंदरौर, घुमारवीं, भगेड़ और बिलासपुर शहर में लावारिस गौवंश के गलों में विभिन्न प्रकार के स्लोगनों के साथ जिला प्रशासन और प्रदेश सरकार से न्याय प्राप्ति के लिए गुहार लगाई है। इस अवसर पर रजनीश, सोनू, चमन, अजय, लक्की, मंजीत, संजीव आदि सदस्य भी मौजूद रहे।