संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन के तहत तुन्हू में टनल नंबर तीन का निर्माण कार्य कर रही नाइन पावर कंपनी को साइट पर मजदूरों के लिए शौचालय सुविधा न होने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया है। विभाग ने कंपनी से सात दिन के भीतर इस पर जवाब तलब किया है। इसकी पुष्टि प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के पर्यावरण इंजीनियर अतुल परमार ने की है।
विभाग ने यह कार्रवाई तुन्हू गांव की महिला बबिता की शिकायत पर की है। नोटिस मेें बताया है कि शिकायतकर्ता के अनुसार कंपनी की साइट पर श्रमिकों को मुहाल तुन्हू में शौचालय की कोई सुविधा नहीं है। यह भी कहा गया है कि कंपनी के मजदूरों को उपलब्ध करवाए गए शौचालय अपर्याप्त हैं। कंपनी के मजदूर क्षेत्र में खुले में शौच कर रहे हैं, इसकी दुर्गंध से आसपास के क्षेत्र सहित पूरे मुहाल में लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
बताते चलें कि बबिता ने शिकायत में कहा था कि लोगों को अपने खेतों में घास लेने जाना भी मुश्किल हो गया है। पशुओं को खुले में छोड़ें तो हर तरफ गंदगी का अंबार है। एक तरफ सरकार स्वच्छता अभियान चला रही है और दूसरी तरफ निर्माण कार्य कर रही कंपनियां वातावरण को दूषित कर रही हैं।
विभाग ने कंपनी को कारण बताओ नोटिस जारी कर निर्देश दिए हैं कि मजदूरों के लिए सेप्टिक टैंक के साथ-साथ पर्याप्त शौचालय क्षमता प्रदान करें। वहीं इसकी रिपोर्ट विभाग को 7 दिनों के भीतर अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करें। पर्यावरण इंजीनियर ने कंपनी को कारण बताओ नोटिस जारी कर कहा है कि जवाब संतोषजनक न होने की स्थिति में कंपनी पर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।