खाद्य आपूर्ति मंत्री घुमारवीं में निर्मित होने वाले थाने के भवन स्थल का निरीक्षण करते हुए।
- फोटो : BILASPUR
घुमारवीं (बिलासपुर)। घुमारवीं शहर में बन रहे नए थाना भवन की जगह के विरोध में नगर उत्थान समिति के अध्यक्ष सुभाष चंद की अध्यक्षता में मंत्री राजेंद्र गर्ग को ज्ञापन सौंपा गया। सुभाष चंद, स्थानीय वार्ड के पार्षद कपिल शर्मा और दुकानदारों के मंत्री से आग्रह किया कि स्वयं थाना परिसर में चयनित भूमि का निरीक्षण करें।
मंत्री ने लोगों के आग्रह को स्वीकार करते हुए भूमि का निरीक्षण किया और भवन के निर्माण कार्य पर आगामी आदेश तक रोक लगा दी। स्थानीय लोगों और समिति के पदाधिकारियों ने मंत्री से आग्रह किया है कि भविष्य को ध्यान में रखकर अगर बस स्टैंड का विस्तारीकरण व बाईपास की संभावना बनती है तो चयनित भूमि पर पुलिस थाना बनने से समस्या उत्पन्न हो सकती है। मंत्री ने लोगों की बातों को समझते हुए तुंरत प्रभाव से डीएसपी अनिल ठाकुर और बीएसएनएल के पदाधिकारियों को अगले आदेश तक काम बंद करने को कहा। थाना परिसर के लिए दूसरी जगह पर निर्माण कार्य करने को कहा।
इनसेट
दशकों पुराने भवन में चल रहे पुलिस थाना को मिलेगा नया भवन
पहली मंजिल में एसएचओ और एमएचसी के कमरों सहित महिला व पुरुष लॉकअप रूम भी इसी मंजिल में होगा। दूसरी मंजिल में मालखाना, कोट, आईओ रूम, ट्रैफिक ऑफिस, कैंटीन, किचन सहित बहुउद्देश्यीय हाल होगा। तीसरी मंजिल में आईओ व एसआई कमरों के अलावा ट्रैफिक ऑफिस भी होगा। इस नए पुलिस भवन में हर मंजिल में शौचालयों का निर्माण होगा। भवन के निर्माण पर लगभग 4.82 करोड़ रुपये खर्च होंगे। खास बात यह है कि इस भवन के निर्माण को समयबद्ध तरीके से किया जा रहा है। इसके तहत यह भवन 15 माह में तैयार हो जाएगा।
इनसेट
थाना परिसर में बनने वाले इस भवन का शिलान्यास वर्चुअल तौर पर खाद्य आपूर्ति मंत्री राजिंद्र गर्ग की मौजूदगी में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने किया था। घुमारवीं में पुलिस थाना को नए भवन की सौगात देने के लिए गर्ग ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का आभार प्रकट किया है।