किसान से रंगदारी मांगने में पुलिस ने हिरासत में लिया एक युवक
बिलासपुर। कोतवाली क्षेत्र में एक किसान से कुछ लोगों ने 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला प्रकाश में आया है। किसान की शिकायत पर पुलिस ने खजुरिया थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। कोतवाली प्रभारी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही असलियत का पता चल पाएगा।
घटना कोतवाली क्षेत्र के एक ग्राम जुड़ी है। ग्राम निवासी एक किसान के अनुसार खजुरिया थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक व्यक्ति ने उससे 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। रंगदारी के रुपये न देने पर उसे व उसके परिवार को गोलियों से भूनने की धमकी दी गई। किसान ने मामले की शिकायत कोतवाली पुलिस से की। पुलिस ने मामले की तहकीकात शुरू कर दी। पुलिस सूत्रों का कहना है कि कोतवाली पुलिस ने रविवार की शाम खजुरिया थाना क्षेत्र के एक गांव में छापामार कार्रवाई की। इससे गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान एक युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया। जबकि, उसके अन्य साथी भागने में कामयाब रहे। पुलिस हिरासत में लिए गए आरोपी को लेकर कोतवाली आ गई और उससे पूछताछ कर रही है। जबकि, किसान का कहना है कि उसे अभी भी अपनी व परिजनों की जानमाल का खतरा बना हुआ है। इस मामले में कोतवाली प्रभारी तेजवीर सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद ही असलियत का पता चल सकेगा। फिलहाल अभी रंगदारी का मामला जांच का विषय है।