एसडीएम सदर को सौंपा ज्ञापन
पूर्व अध्यक्ष ने लगाए हैं जातिसूचक शब्द कहने के आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। शहर की सिनेमा कॉलोनी स्थित मंदिर के पुजारी के पक्ष में स्थानीय लोग उतर आए हैं। लोगों ने पुजारी पर लगाए जातिसूचक शब्द कहने के आरोपों को झूठा बताया है। इस मामले को लेकर ज्ञापन एसडीएम सदर को सौंपा गया।
ज्ञापन में बताया है कि सिनेमा कॉलोनी में लोगों के सहयोग से 20 साल पहले मंदिर का निर्माण किया गया था। मंदिर की एक चाबी पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष के पास रहती है। मंदिर में किसी एक व्यक्ति का विशेष अधिकार नहीं होना चाहिए। इस विवाद को खत्म करने के लिए और व्यवस्था को सुचारु रूप से चलाने के लिए एक कमेटी का गठन किया गया है। इसके बाद पूर्व अध्यक्ष ने पुजारी पर मंदिर में नहीं आने और जातिसूचक शब्द कहने का आरोप लगाया है, जबकि यह आरोप निराधार हैं। पूर्व अध्यक्ष कमेटी में जो भी जिम्मेवारी लेना चाहती हैं, उस पर लोगों को कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन इस तरह के झूठे आरोप नहीं लगाने चाहिए। कमेटी पंजीकृत होने में कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए। स्थानीय लोग मंदिर कमेटी बनाने के पक्षधर हैं। कमेटी के पंजीकरण का विरोध करना पूर्व अध्यक्ष के निजी स्वार्थ को दर्शाता है। इस मौके पर सरपाल ठाकुर, वंदना, वीना, अरविंद, शिप्रा, आसिफ, प्रेम संख्यान, अंकुश, नरेंद्र, गौरव आदि मौजूद रहे।