विधिक साक्षरता शिविर में पर्यावरण संरक्षण पर दिया संदेश
बिलासपुर में हुआ विधिक साक्षरता शिविर एवं एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। राष्ट्रीय विधिक सेवाएं प्राधिकरण नई दिल्ली की ओर से चलाए जा रहे विशेष अभियान आज की रक्षा करे, कल को सुरक्षित करें पर्यावरण संबंधी कानूनी साक्षरता और सामुदायिक संरक्षण के अंतर्गत जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण बिलासपुर की ओर से विधिक साक्षरता शिविर एवं एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम किया गया।
अध्यक्षता श्री प्रतीक गुप्ता, सचिव (सीनियर सिविल जज एवं अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी), जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण, बिलासपुर ने की। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित प्रतिभागियों को पर्यावरण से संबंधित विभिन्न कानूनों की जानकारी दी तथा राष्ट्रीय विधिक सेवाएं प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, शिमला द्वारा जारी दिशा-निर्देशों से अवगत करवाया। उन्होंने सभी से पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने और अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ बनाए रखने का आह्वान किया। कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, बिलासपुर के कनिष्ठ पर्यावरण अभियंता अंशुल कुमार बतौर वक्ता उपस्थित रहे। उन्होंने पर्यावरण से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए पर्यावरण संरक्षण के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। इस विधिक साक्षरता शिविर में लगभग 46 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिनमें अधिवक्ता, पैरा लीगल वॉलंटियर तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता शामिल रहे। कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और उससे जुड़े कानूनी अधिकारों व कर्तव्यों के प्रति जागरूकता फैलाने का प्रयास किया गया।