बिलासपुर। एक बेबस मां के एसपी को फोन करने और मदद मांगने के खुलासे के बाद हर कोई चिंतित है। लेकिन जिले में नशा माफिया की जड़ें गहरी होती जा रही हैं।
यहां एक नहीं, कई परिवारों को नशे ने बरबाद कर दिया है। नशे का नेटवर्क इतना सक्रिय है कि अभिभावकों को पता तक नहीं चलता है कि उनके बच्चे जहर के शिकार हो रहे हैं। अब परिजन अपने नाबालिग बच्चों तक को घर से अकेला भेजने से डर रहे हैं। यह हालात जिले की सदर विधानसभा क्षेत्र के पंजगाईं, बरमाणा, बैरी क्षेत्र के हैं।
अमर उजाला में मां की बेबसी पर खबर प्रकाशित होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने सरकार और व्यवस्था को घेरा है। लोगों ने कहा कि सरकार और प्रशासनिक शह के बिना नशा माफिया का इस तरह से सक्रिय होना संभव नहीं है।
एक नहीं कई माताएं ऐसी हैं जो अपने बच्चों को नशे में डूबा देखती हैं लेकिन उसके बावजूद भी कुछ नहीं कर पाती हैं और घुट-घुट कर जीने को मजबूर हो जाती हैं। बताते चलें कि एसपी बिलासपुर साजू राम राणा ने नशा माफिया के खिलाफ मुहिम चलाई है, जिसमें उन्होंने पंचायत पदाधिकारियों का सहयोग मांगा है।
इनसेट
लोगों के घरों में काम कर पाला बेटा, अब चिट्टे का आदी
बरमाणा पुलिस थाना के तहत एक गांव की महिला ने बताया कि वह लोगों के घरों में काम कर रोजी राटी कमाती है। बर्तन साफ कर बेटे को पढ़ाया। लेकिन अब वह चिट्टे के चंगुल में आ गया। पढ़ाई तो छोड़ ही दी, लेकिन अब नशा न मिलने पर अपना मानसिक संतुलन खो देता है। बच्चे को इस हालत में देखकर वह बेहद दुखी है। बेबसी यह है कि वह कुछ भी नहीं कर पा रही है। जो भी प्रयास करती है वो सब फीके पड़ जाते हैं।
इनसेट
शाम होते ही पंजगाईं स्कूल मैदान में सज जाती है नशेड़ियों की महफिल : सपना
धौनकोठी और पंजगाईं की बीडीसी सदस्य सपना ठाकुर ने कहा कि शाम होते ही राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पंजगाईं के मैदान में नशेड़ियों की महफिल सज जाती है। इसी मैदान में नशे का आदान प्रदान होता है। पुलिस गश्त पर आती है तो यह लोग मैदान से इधर-उधर हो जाते हैं। इसी मैदान में शाम को गांव के बच्चे खेलने के लिए आते हैं। पंजगाईं क्षेत्र में नशा इस तरह से अपनी जड़ें फैला चुका है कि अभिभावक बच्चों को अकेले घर से बाहर भेजने से डरते हैं।
नशे के खिलाफ जल्द पंचायत में पारित करेंगे प्रस्ताव : सुनील
पंजगाईं पंचायत के प्रधान सुनील धीमान ने कहा कि नशा एक बड़ी चिंता का सबब बनता जा रहा है। वे एसपी बिलासपुर की मुहिम का सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा कि पंचायत जल्द ही नशे का कारोबार करने और नशा करने वालों के खिलाफ एक प्रस्ताव पारित करेगी ताकि युवा पीढ़ी को इससे बचाया जा सके।