बाबा बालक नाथ मंदिर में माथा टेकते श्रद्धालु। संवाद
सुबह से दर्शन के लिए पहुंचने श्रद्धालु, मंदिर न्यास ने किए लंगर और साफ-सफाई के उचित प्रबंध
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहतलाई (बिलासपुर)। झंडूता उपमंडल के शाहतलाई स्थित उत्तर भारत के प्रसिद्ध तीर्थस्थल बाबा बालक नाथ मंदिर में रविवार को करीब दस हजार श्रद्धालुओं ने माथा टेका। सुबह से ही बाबा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। दिनभर मंदिर परिसर में भक्तों की आवाजाही लगी रही। श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
रविवार को बाबा बालक नाथ के दर्शन का विशेष महत्व माना जाता है। इसी आस्था के चलते हर सप्ताह रविवार को मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ जाती है। इस बार भी सुबह से ही मंदिर में भक्तों की कतारें लगनी शुरू हो गईं। श्रद्धालु अपनी बारी का इंतजार करते हुए बाबा के दर्शन के लिए आगे बढ़ते रहे। मंदिर परिसर में दिनभर धार्मिक माहौल बना रहा। बाबा बालक नाथ के प्रति अटूट आस्था लेकर पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और उत्तर प्रदेश सहित हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों से श्रद्धालु शाहतलाई पहुंचे। कोई पैदल यात्रा कर दरबार में पहुंचा तो किसी ने बसों और निजी वाहनों से मंदिर तक का सफर तय किया। दूरदराज के क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर न्यास की ओर से मंदिर परिसर में लंगर की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही जगह-जगह सफाई कर्मचारियों की तैनाती की गई है, ताकि भीड़ के बीच स्वच्छता बनी रहे। मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। मंदिर न्यास के अधिकारी विजय ने बताया कि बाबा बालक नाथ के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु शाहतलाई पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उचित प्रबंध किए गए हैं। लंगर और साफ-सफाई की व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।