बिलासपुर (रामपुर))। कोतवाली क्षेत्र में तेज गति में जा रहे एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ट्राली की टक्कर से बाइक सवार एक वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। चालक ट्रैक्टर ट्राली समेत भाग गया। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर शव पोस्टमार्टम को भेजा है।
घटना कोतवाली क्षेत्र की रूद्रविलास पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम टैमरा के पास की है। ग्राम टैमरा निवासी जगतार सिंह उम्र करीब 62 वर्ष शुक्रवार की शाम करीब सात बजे अपने घर से बाइक द्वारा ग्राम मनिहारखेड़ा को जा रहे थे। परिजनों के अनुसार ग्राम टैमरा और मनिहारखेड़ा के बीच तेज गति में आ रहे एक ट्रैक्टर ट्राली चालक ने लापरवाही से बाइक सवार वृद्ध को रौंद दिया। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर परिजन भी विलाप करते हुए मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने मामले की सूचना तुरंत ही कोतवाली प्रभारी इंद्रेश सिंह को दी। कोतवाली प्रभारी अपने मातहतों के साथ रात में ही मौके पर पहुंच गए। पुलिस को लोगों ने बताया कि आरोपी ट्रैक्टर ट्राली चालक घटना के बाद तुरंत ही मौके से ट्रैक्टर ट्राली समेत भाग गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में कर लिया। पुलिस ने मृतक के पौत्र कुलवंत सिंह पुत्र हरबंश सिंह की ओर से अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वृद्ध की मौत से उसके घर में कोहराम मचा हुआ है। कोतवाली प्रभारी का कहना है कि शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की तहकीकात की जा रही है। आरोपी ट्रैक्टर ट्राली चालक को भी शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।