बिलासापुर। विकास कार्यों की समीक्षा बैठक बचत भवन में हुई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त पंकज रॉय ने कहा कि क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर में वाटर एटीएम स्थापित किया जाएगा। 12 करोड़ से निर्मित किए जा रहे 50 बिस्तर वाले मातृ एवं शिशु अस्पताल भवन का कार्य प्रगति पर है। उपकरणों की खरीद की औपचारिकताएं पूर्ण की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि खेलों को बढ़ावा देने के लिए अक्तूबर माह में राष्ट्रीय स्तर की महिला और पुरुष वाटर स्पोर्ट्स की स्पर्धाएं गोबिंद सागर झील में आयोजित की जा रही हैं। देश के लगभग एक हजार महिला और पुरुष खिलाड़ी नौकायन प्रतियोगिता में भाग लेंगे। अधिकारियों को इसकी तैयारियां करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लुहणू मैदान खेलों का केंद्रबिंदू है। इसके विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को योजना बनाने के निर्देश दिए। यहां हाई मास्ट लाइट और सीसीटीवी कैमरे लगाने पर चर्चा की गई।
बाक्स
शहर में बनेगा दादा-दादी पार्क
उपायुक्त ने कहा कि बिलासपुर शहर में वरिष्ठ नागरिकों के लिए लगभग 4 लाख से दादा-दादी पार्क विकसित किया जाएगा। इससे वरिष्ठ नागरिकों को स्वच्छ वातावरण के साथ व्यायाम करने और बैठने की उचित सुविधा उपलब्ध हो पाएगी। उन्होंने सभी उपमंडलाधिकारियों को निर्देश दिए कि वे कूड़े के निष्पादन के लिए कार्य योजना तैयार करें। उपायुक्त ने उपमंडलाधिकारियों को सड़क किनारे हो रहे अतिक्रमण को शीघ्र हटाने और प्रत्येक उपमंडल में एक मक डंपिंग स्थल की पहचान करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर एसडीएम सदर रामेश्वर, सहायक आयुक्त सिद्धार्थ आचार्य, पीओ डीआरडीए आरके गौतम, चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर नरेंद्र भारद्वाज, राजस्व अधिकारी देवी राम, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी योगराज धीमान उपस्थित रहे।