बिलासपुर (रामपुर)। नगर में साप्ताहिक बाजार के चलते शनिवार को नैनीताल हाईवे पर करीब चार घंटे से अधिक वाहन जाम की समस्या से जूझते रहे। बाद में पुलिस ने मशक्कत के बाद जाम को खुलवाया। इस दौरान लोग परेशान रहे।
शनिवार की सुबह से ही नगर में नैनीताल हाईवे स्थित साप्ताहिक बाजार की वजह से तमाम दुकानदारों ने हाईवे किनारे अपने फड़ों को जमा दिया। इसके अलावा लोगों का आना-जाना शुरू हो गया। लोगों की भीड़ हाईवे पर होने की वजह से वाहनों के पहिए थमने लगे। दोपहर करीब 12 बजे के बाद देखते ही देखते हाईवे पर जाम की स्थिति पैदा हो गई। रुद्रपुर तथा रामपुर की ओर से आने-जाने वाले वाहन जाम में फंसने लगे। जाम लगने की सूचना पर कोतवाली प्रभारी तेजवीर सिंह पुलिस बल के साथ नगर के मुख्य चौराहे पर पहुंचे और उन्होंने जाम को खुलवाना शुरू कर दिया। पुलिस ने केमरी तिराहे से नगर के भाखड़ा डैम तक हाईवे किनारे खड़े वाहनों व अस्थायी ठेलों आदि को हटाकर किसी तरह जाम को खुलवाया और शाम चार बजे तक वाहन जाम के बीच धीरे-धीरे नगर से अपने गंतव्य की ओर जाने लगे। करीब चार घंटे तक लगे जाम में फंसे लोगों को बेहद परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों का कहना था कि साप्ताहिक बाजार के दिन अक्सर जाम की स्थिति पैदा हो जाती है। ऐसे में पुलिस प्रशासन को बेहतर और मजबूत व्यवस्था करनी चाहिए। लोगों का कहना था कि ऐसे में पुलिस को भारी वाहनों को नगर के बाईपास से गुजारना चाहिए। उक्त संदर्भ में कोतवाली प्रभारी तेजवीर सिंह का कहना है कि जाम लगने सूचना पर वह पुलिस के साथ तत्काल ही मौके पर पहुंच गए थे और कुछ ही देर में जाम को खुलवा दिया गया था।