झंडूत्ता की कुलज्यार पंचायत में आयोजित कार्यक्रम में मौजूद विधायक जीत राम कटवाल और अन्य।
- फोटो : BILASPUR
शाहतलाई (बिलासपुर)। विधायक जीत राम कटवाल ने रविवार को विधानसभा क्षेत्र झंडूता की ग्राम पंचायत कुलज्यार के सभी बार्डों के लोगों की समस्याएं सुनीं तथा अधिकतर समस्याओं का निपटारा मौके पर किया। विधायक ने बताया कि जड्डू कुलज्यार के लोगों का मुख्य व्यवसाय मत्स्य है। मछुआरों के लिए 26 लाख 26 हजार रुपये से तैयार मत्स्य अवतरण केंद्र जड्डू की सुविधा प्रदान की गई है। इससे मछुआरों को मछली के भंडारण तथा मार्केटिंग की सुविधा प्राप्त हो रही है। उन्होंने बताया कि लोगों को यातायात के लिए बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए 9 करोड़ 65 लाख रुपये से गंगलोह से मलराओं सड़क का अपग्रेडेशन कार्य प्रगति पर है।
उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में लोगों को सुचारु पेयजल आपूर्ति उपलब्ध करवाने के लिए जल जीवन मिशन के तहत 55 करोड़ रुपये व्यय किए जा रहे हैं। जल जीवन मिशन के अंतर्गत प्रत्येक घर को समुचित जल सुविधा मुहैया करवाई जा रही है। जल जीवन मिशन तथा नावार्ड के अंतर्गत 2 करोड़ 36 लाख 63 हजार रुपये से चोंता-जंगल ठठल उठाऊ पेयजल योजना के विकास के साथ अतिरिक्त स्रोत व वितरण प्रणाली में सुधार कार्य प्रगति पर है।
इस पेयजल योजना का कार्य 70 प्रतिशत पूर्ण कर लिया गया है। इस पंचायत के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के लिए 20 लाख आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र जड्डू कुल्जयार के भवन के लिए स्वीकृत करवाए। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष जनजाति मोर्चा कमल चौहान, पूर्व जिला परिषद सदस्य जगदीश चंद, एसडीओ विद्युत नंद लाल, उपप्रधान ग्राम पंचायत मोहर सिंह, पूर्व ग्राम प्रधान रमेश चंद, एएसआई सुरेंद्र कुमार उपस्थित रहे।