बिलासपुर। कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन भूमि अधिग्रहण में बरती अनियमितताओं की नियमानुसार दुरुस्ती करने के लिए भू अर्जन अधिकारी ने एसडीएम घुमारवीं व सदर को पत्र लिखा है। उन्होंने तहसील घुमारवीं के राजस्व कर्मचारियों को कहा कि भूमि अधिग्रहण में बरती अनियमितताओं की नियमानुसार दुरुस्ती के लिए अपने स्तर पर उचित माध्यम से मामला उठाएं। वहीं इसकी दुरुस्ती के लिए एसडीएम सदर को हरसंभव सहायता देने का भी आश्वासन दिया है। वहीं पत्र में लिखा गया है कि अगर भूमि अधिग्रहण में कोई गलती हुई है तो उसका राजस्व नियमों के अनुसार ही सुधार हो सकता है।
वहीं भू अर्जन अधिकारी सिद्धार्थ आचार्य ने एसडीएम सदर को संबोधित पत्र में कहा कि फोरलेन समिति को आरटीआई के अंतर्गत सूचनाएं प्राप्त करके उसके आधार पर पत्राचार कर बरती गई अनियमितताओं की नियमानुसार दुरुस्ती कर पाना संभव नहीं है।
गौरतलब है कि कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन भूमि अधिग्रहण में बरती गई अनियमितताओं पर फोरलेन विस्थापित एवं प्रभावित समिति ने क्षेत्रीय अभिकरण सदर दयोली 4 मुहालों से नियमानुसार जांच करवाकर शिकायत एसडीएम सदर को भेजी थी। जिस पर एसडीएम सदर ने संज्ञान लेते हुए भू अर्जन अधिकारी को कई पत्र लिखे। अंत में भू अर्जन अधिकारी ने कार्रवाई करते हुए 15 जुलाई को एसडीएम सदर को संबोधित पत्र में कहा कि भूमि अधिग्रहण में बरती गई अनियमितताओं की नियमानुसार दुरुस्ती के लिए पूर्ण सहयोग किया जाएगा। एसडीएम घुमारवीं को संबोधित पत्र में भू अर्जन अधिकारी ने तहसील घुमारवीं के 13 मुहालों में बरती गई अनियमितताओं पर राजस्व कर्मियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब भू अधिग्रहण संबंधी राजस्व कागजात संबंधित तहसील में जमा करवाए, उस समय किसी राजस्व कर्मचारी ने कोई आपत्ति नहीं जताई। एसडीएम घुमारवीं को संबोधित पत्र में भू अर्जन अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि अब भूमि अधिग्रहण में बरती गई इन अनियमितताओं पर संबंधित तहसील के राजस्व कर्मियों द्वारा उचित माध्यम से मामला उठाना होगा।
समिति ने भूमि अधिग्रहण में बरती गई इन अनियमितताओं की नियमानुसार दुरुस्ती के लिए भू अर्जन अधिकारी द्वारा अपनाए जा रहे दोहरे मापदंडों पर कड़ी आपत्ति जताई है। समिति के महासचिव मदन लाल शर्मा ने कहा कि गलतियां फोरलेन की भूमि अधिग्रहण इकाई ने की और उनका भुगतान संबंधित तहसीलों के राजस्व कर्मी करें। यह कहां तक सही है। सक्षम अथॉरिटी अपने स्तर पर कार्रवाई करके लोगों को राहत दे। समिति तहसील घुमारवीं के 13 मुहालों में बरती गई इन अनियमितताओं पर पिछले आठ सालों से प्रमाणों सहित सवाल उठा रही है। लेकिन उक्त इकाई के भू अर्जन अधिकारी किसी की बात को सुनने को ही तैयार नहीं। वहीं बरती गई अनियमितताओं पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देकर समिति को गुमराह करने का काम कर रहे हैं।