-जिले में लगातार बढ़ रही चोरी की वारदातें
-खारसी पुलिस चौकी में मामले दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिले में चोरियों की वारदात लगातार बढ़ रही हैं। अब चोरों ने पुलिस चौकी खारसी के तहत चडाऊ और मलोखर गांव में दो घरों से लाखों रुपये गहने चोरी कर लिए। पुलिस ने मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत में देवेंद्र लाल शर्मा निवासी गांव चडाऊ डाकघर छकोह जिला बिलासपुर ने बताया कि सुबह जब यह उठा तो देखा कि घर में अलग-अलग कमरों में रखी दो गोदरेज अलमारी खुली थीं और सामान बिखरा हुआ था। एक अलमारी में बहू की सोने की नथ, दो टीक, एक गले का हार, तीन अगूठियां, दो चूड़ियां, एक चेन, दो जोड़ी कांटे और चांदी की तीन जोड़ी पायल, चार कंगन, दो गले की चेन, चार अंगूठियां रखी थीं, जो चोरी हो गईं। दूसरी अलमारी में उसकी पत्नी की सोने दो चेने, दो चाक, दो बालियां, दो चूडियां, एक बेसर, एक टीका, पांच अंगूठियां, चांदी की पांच पायल, कंगणू 17 जोड़ी, 25 सिक्के चांदी के रखे थे, वह भी चोरी हो गए। दूसरी शिकायत गोकल राम निवासी गांव मलोखर डाकघर छकोह जिला बिलासपुर ने दर्ज कराई है। उन्होंने बताया है कि उनका पुराना मकान मलोखर गांव में है। पिछले दो साल मलोखर वाले मकान में नियमित रूप से परिवार का कोई भी सदस्य नहीं रहता है। सुबह वह पूजा करने के लिए पुराने मकान पर गया था तो देखा कि कमरों के दरवाजे पर लगाए ताले गायब थे। अंदर रखे दो ट्रंक के ताले भी टूटे हुए थे। एक ट्रंक के अंदर डिब्बे में पत्नी और बहु गहने रखे थे, जो उस डिब्बे सहित गायब थे। इन गहनों में एक लाैंग, एक जोड़ी ब्रागर, एक चौक, एक मंगलसूत्र, चांदी का गजरु, छलबलियां एक जोड़ी, एक पाजेब, एक सोने का हार, एक जोड़ी कांटे, एक जोड़ी झूमर, एक जोड़ी बेसर, एक जोड़ी टिक शामिल थे। साथ ही ऊपर वाले कमरे में रखे एक हजार रुपये भी चोरी कर लिए गए थे। एएसपी शिव कुमार चौधरी ने बताया कि छानबीन की जा रही है।