सदर विधायक बोले पुलिस हर पहलू की गहराई से करे जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। सीर खड्ड पुल से छलांग लगाने वाली दो नाबालिग बच्चियों की मौत के मामले में सदर विधायक त्रिलोक जमवाल ने पुलिस से निष्पक्ष और गंभीरता से जांच करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस घटना को सामान्य आत्महत्या का मामला मानकर जांच सीमित नहीं की जानी चाहिए, बल्कि इसके पीछे किसी साजिश, दबाव या बहकावे की आशंका समेत सभी पहलुओं की पड़ताल होनी चाहिए।
बयान जारी कर विधायक ने कहा कि 14 साल की दो बच्चियों को ऐसा कदम उठाने की नौबत क्यों आई, यह गंभीर चिंता का विषय है। दोनों दसवीं कक्षा की छात्राएं थीं। शनिवार को परीक्षा देने की बात कहकर सुंदरनगर जाने के बाद रविवार को घटना सामने आने तक वे कहां रहीं और किन परिस्थितियों में थीं, इसकी जानकारी जुटाना जरूरी है।
उन्होंने बच्चियों के सुंदरनगर जाने, उनके साथ गए युवकों और इस दौरान हुई गतिविधियों की भी बारीकी से जांच करने की मांग की। कहा कि मामले में किसी तरह की लीपापोती नहीं होनी चाहिए। यदि जांच में लापरवाही सामने आती है तो उचित कार्रवाई की जाए। विधायक ने कहा कि वह इस मामले को विधानसभा सत्र में भी उठाएंगे।