-चांदपुर स्कूल में एनएसएस शिविर का समापन
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चांदपुर में आयोजित सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) शिविर का समापन हुआ। समापन समारोह में स्वयंसेवियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। साथ ही स्कूल के प्रशिक्षु अध्यापकों ने नाटी प्रस्तुत कर सभी का मनोरंजन किया।
समारोह में स्थानीय ग्राम पंचायत प्रधान ललिता ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। मुख्य अतिथि ने स्वयंसेवियों से कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना से देश का विकास होता है। एनएसएस का राष्ट्र निर्माण में अहम योगदान है। उन्होंने सभी छात्रों से नशे से दूर रहने की अपील की। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य सुषमा नड्डा ने की। कार्यक्रम अधिकारी राजेश विशिष्ट ने सात दिवसीय विशेष शिविर के बारे में मुख्य अतिथि को अवगत कराया। स्वयंसेवी छात्रा ज्योति ने सभी गणमान्य व्यक्तियों के समक्ष सात दिवसीय शिविर रिपोर्ट प्रस्तुत की। छात्रा सोनिका और रमन ने राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय शिविर के अपने अनुभव सभी के साथ साझा किए। मुख्य अतिथि ने सभी प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। प्रधानाचार्य सुषमा नड्डा ने मुख्य अतिथि और अन्य स्टाफ सदस्यों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत के उपप्रधान सुभाष, समाजसेवी एवं पूर्व ग्राम पंचायत प्रधान अर्पण संत, प्रवक्ता श्याम लाल, अब्दुल रशीद, राजेश कुमार, आरती देवी, अंजना, लता देवी, अभिषेक कुमार और अन्य उपस्थित रहे।