बिलासपुर। पत्नी के गुटका खाने से परेशान युवक ने पत्नी की जमकर धुनाई कर दी। महिला ने अपने पति को हवालात में डलवा दिया। बाद में लोगों ने दोनों पक्षों के बीच समझौता कराकर मामले को निपटा दिया है।
मामला नगर के मोहल्ला लक्ष्मीनगर का है। मोहल्ला निवासी एक युवक ने शनिवार की रात अपनी पत्नी की जमकर पिटाई कर दी। महिला ने तुरंत फोन करके कोतवाली पुलिस को बुला लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दंपती को समझाया और सुबह थाने आने के लिए कहा। रविवार की सुबह कोतवाली पहुंची महिला ने अपने पति के खिलाफ मारपीट करने और उत्पीड़न की तहरीर दे दी। युवक ने पुलिस को बताया कि वह पत्नी की गुटका खाने की आदत से बेहद परेशान है। मना करने के बाद भी वह नहीं मानती है, इसलिए उसकी पिटाई कर दी थी। महिला के कहने पर पुलिस ने आरोपी युवक को हवालात में डाल दिया। बाद में लोगों ने दोनों पक्षों को समझाकर महिला के गुटका न खाने की बात पर समझौता करा दिया। कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी लखपत सिंह का कहना है कि दंपती के बीच समझौता हो गया है और वह अपने घर चले गए हैं।