सरकार ने 29 लाख रुपये का बजट स्वीकृत
वरिष्ठ नागरिकों, गर्भवती महिलाओं, दिव्यांगजनों को मिलेगी राहत
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। सिविल अस्पताल घुमारवीं में जल्द ही लिफ्ट की सुविधा उपलब्ध होगी। तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने बताया कि लिफ्ट के लिए सरकार ने 29 लाख रुपये की स्वीकृति दे दी है। इससे अस्पताल आने वाले मरीजों, खासकर वरिष्ठ नागरिकों, गर्भवती महिलाओं, दिव्यांगजनों को राहत मिलेगी।
मंत्री ने कहा कि अस्पताल में लिफ्ट की कमी के कारण मरीजों को ऊपरी मंजिल तक पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, जिसे अब दूर किया जाएगा। यह सुविधा मरीजों और उनके परिजनों के लिए समय और ऊर्जा की बचत सुनिश्चित करेगी। प्रदेश सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने और आधुनिक तकनीकों का उपयोग बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। घुमारवीं सिविल अस्पताल को आधुनिक सुविधाओं से लैस करना इसी दिशा में उठाया महत्वपूर्ण कदम है। स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार केवल शहरी इलाकों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों में भी बेहतर सुविधाएं पहुंचाई जाएंगी। स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ और प्रभावी बनाने के लिए सरकार ने कई योजनाओं पर काम शुरू किया है।