- एनसीसी आर्मी विंग की ओर से आयोजित हुआ जागरुकता कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। राजकीय महाविद्यालय घुमारवीं की एनसीसी आर्मी विंग यूनिट की ओर से भ्रष्टाचार और साइबर अपराध जागरुकता पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों को विभिन्न जानकारी प्रदान की गईं।
एनसीसी के कार्यकारी अधिकारी प्रो. राजीव शर्मा ने बताया कि भ्रष्टाचार देश की उन्नति में मुख्य बाधक है और हम जागरुक होकर ही भ्रष्टाचार के विरुद्ध लड़ाई जीत सकते हैं। विद्यार्थी देश का भविष्य हैं और उन्हें स्वयं और समाज को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए। विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से सुरक्षित रहने के सुझाव भी दिए गए। साथ ही फिशिंग, साइबर बुलिंग और वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव संबंधित जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायतें दर्ज कराने के लिए 1064 नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। साइबर अपराध की शिकायत दर्ज कराने के लिए 1930 नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। इस दौरान विद्यार्थियों ने भ्रष्टाचार और साइबर अपराधों से जुड़े अपने अनुभवों को भी साझा किया। इस अवसर पर प्राचार्य राम कृष्ण, डॉ. सुरेश शर्मा, प्रो. प्रीतम लाल और प्रो. बच्चन सिंह मौजूद रहे।