शाहतलाई (बिलासपुर)। सहकारी सभा तलाई में धोखाधड़ी का एक और मामला सामने आया है। जाली खाता बनाकर 15 लाख का ऋण लेने के आरोप लगे हैं। न्यायालय के आदेश के बाद पुलिस में मामला दर्ज हुआ है।
मिली जानकारी अनुसार सहकारी सभा तलाई के पार्ट टाइम वर्कर राजकुमार निवासी झबोला ने सहकारी सभा के सचिव राजेश कुमार निवासी भगतपुर, सुरेंद्र पाल निवासी जोल केसीसी बैंक लठियाणी के सीनियर क्लर्क और बैंक मैनेजर जगदेव पटियाल ऑपरेटिव बैंक लठियाणी के खिलाफ घुमारवीं न्यायालय के माध्यम से पुलिस थाना तलाई में शिकायत दर्ज करवाई है। 2016 में राजेश कुमार तत्कालीन ग्राम सेवा को ऑपरेटिव सोसायटी तलाई के सचिव ने बताया कि कांगड़ा को-ऑपरेटिव बैंक ने एक हॉउस लोन की योजना चला रखी है जो कम ब्याज के साथ 20 फीसदी सब्सिडी भी दे रही है। सुरेंद्र पाल जो केसीसी बैंक शाखा लठियाणी में सीनियर क्लर्क हैं वह तलाई ग्राम सेवा सोसायटी में आए और उससे कोरे कागजों पर हस्ताक्षर ले लिए। इसके बाद सुरेंद्र पाल ने बताया कि पैन कार्ड न होने की वजह से आपका लोन रद्द कर दिया गया है।
शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने बैंक से एक भी रुपया लोन नहीं लिया है। जबकि राजेश कुमार, सुरेंद्र कुमार और जगदेव पटियाल ने धोखे से उसके नाम का जाली खाता बनाकर 15 लाख रुपये हड़प लिए। न्यायालय के आदेश से पुलिस ने उपरोक्त तीनों के खिलाफ 418, 420, 465, 466, 467, 468, 471, 477 ए, 120 वी व 34 आईपीसी के तहत मामला पंजीकृत करके छानबीन शुरू कर दी है। घुमारवीं के डीएसपी ने मामले की पुष्टि की है।