झंडूता (बिलासपुर)। बैंक में नौकरी लगवाने के नाम पर शातिर ने युवक से दो लाख 61 हजार रुपये की ठगी कर ली। युवक ने झंडूता थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।
मंडी जिले के पाबो गांव निवासी विपिन कुमार ने बताया कि वह टैटू डिजाइनर है। झंडूता का युवक मंडी में टैटू डिजाइन करवाने आया। एक दिन उसने मैसेज कर बताया कि उसका चाचा बैंक में नौकरी दिला सकता है। नौकरी के नाम पर वह उससे कभी 10 हजार तो कभी 20 हजार रुपये की मांग करता रहा। इसी तरह कुल दो लाख 61 हजार रुपये गुगल-पे कर दिए। उक्त युवक ने बात करना कम कर दिया। जब छानबीन की तो पता चला कि उक्त युवक पहले भी ऐसी धोखाधड़ी करता रहा है। डीएसपी मुख्यालय राजकुमार ने बताया कि मामला दर्ज कर छानबीन की जा रही है।