भगेड़ (बिलासपुर)। घुमारवीं उपमंडल के तहत अमरपुर पंचायत प्रधान पद के लिए शनिवार को दोबारा मतगणना हुई। मतगणना सहायक चुनाव अधिकारी अधीक्षक निक्का राम धीमान, पंचायत निरीक्षक घुमारवीं सुभाष शर्मा, पंचायत सचिव अमरपुर और सहायक रिटर्निंग ऑफिसर की देखरेख में हुई। परिणाम यथावत रहने पर याचिकाकर्ता सुरेश कुमार ने अपनी याचिका वापस ले ली।
ग्राम पंचायत अमरपुर के पंचायत प्रधान के लिए 17 जनवरी 2021 को हुए चुनाव में मतदान और गणना में कथित अनियमितताओं का हवाला देते हुए एक प्रत्याशी सुरेश कुमार ने उपमंडल अधिकारी की अदालत में याचिका दायर कर पुन: मतगणना करने की मांग की थी।
सुरेश कुमार के अधिवक्ता संजय शर्मा ने बताया कि दोनों पक्षों की लिखित सहमति के आधार पर चुनाव याचिका पर उपमंडल अधिकारी नागरिक घुमारवीं राजीव ठाकुर की अदालत ने 5 मार्च को पुन: मतगणना के आदेश दिए थे। सुरेश कुमार ने अपने बयान में सहमति जताई कि यदि पुन: मतगणना की जाती है और परिणाम पूर्ववत रहता है तो याचिका वापस ले लेगा।
उधर, एक अन्य याचिका में भी उपमंडल अधिकारी नागरिक घुमारवीं राजीव ठाकुर की अदालत ने हटवाड़ पंचायत के वार्ड नंबर-1 के सदस्य के चुनाव की आपसी सहमति के आधार पर 5 मार्च को पुन: मतगणना के आदेश दिए थे। मात्र 1 वोट के अंतर से पराजित रजनी कुमारी की चुनाव याचिका में दोनों पक्षों की सहमति के आधार पर शनिवार को 2 बजे पुन: मतगणना हुई, जिसमें परिणाम यथावत रहने पर याचिकाकर्ता ने अपनी याचिका वापस ले ली।
उपमंडल अधिकारी नागरिक राजीव ठाकुर ने बताया कि ग्राम पंचायत अमरपुर के प्रधान पद और हटवाड़ पंचायत के वार्ड नंबर-1 के सदस्य के चुनाव की दोनों पक्षों की लिखित आपसी सहमति के आधार पर शनिवार 19 मार्च को पुन: मतगणना की गई। पुन: मतगणना में परिणाम यथावत रहने पर याचिका वापस ले ली गई।