- डाइट जुखाला में तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का समापन
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान जुखाला में आपदा तैयारी एवं प्रतिक्रिया के लिए युवा स्वयंसेवकों का कार्य दल बनाने के लिए आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का समापन हो गया। शिविर का समापन जिला परियोजना अधिकारी और प्रधानाचार्य दीपचंद गौतम ने किया।
इस शिविर में जिला आपदा समन्वयक राकेश ठाकुर ने आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के विभिन्न प्रावधानों के बारे में प्रशिक्षुओं को अवगत कराया। अग्निशमन केंद्र बिलासपुर के उप अग्नि अधिकारी जितेंद्र कुमार सहित उनकी टीम ने आग से निपटने के बारे में सभी प्रशिक्षुओं को जानकारी दी। प्रशिक्षण शिविर में पूनम शर्मा ने प्राथमिक उपचार करने की विभिन्न तकनीकों जैसे कृत्रिम श्वसन और घायलों को एक जगह से दूसरी जगह स्थानांतरित करने के उपायों को प्रशिक्षुओं के साथ साझा किया। प्लाटून कमांडर सुरेंद्र कुमार ने टास्क फोर्स के विभिन्न उपकरणों को उपयोग करने और घायलों की स्थिति में उन्हें बचाने की तकनीक के बारे में मूलभूत जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर जिला आपदा प्राधिकरण बिलासपुर के प्रशिक्षण समन्वयक डॉ. रितेश कुमार, चंदन राठौर, सुनील कुमार, ज्योति, कुलदीप शर्मा, डॉ. नीलम शर्मा, सोमदत्त कालिया, नरवीर चंदेल, प्रेमलाल वर्मा, कुलदीप सिंह, रमेश कुमार, रविंद्र ठाकुर, महेंद्र गर्ग, अतुल शर्मा और अन्य प्रशिक्षु उपस्थित रहे।