संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं(बिलासपुर)। बस अड्डा घुमारवीं में शुक्रवार रात दो पक्षों में मारपीट हो गई। दोनों पक्षों ने शिकायत घुमारवीं थाने में दर्ज कराई है। पुलिस ने क्रॉस केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता घुमारवीं निवासी अनुराग ने बताया है कि शुक्रवार रात को घुमारवीं बस अड्डे पर अपनी कार के साथ खड़े तीन अजनबी लोगों ने उसे घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। साथ ही बाइक को धक्का मार कर गिरा दिया और उसमें तोड़ फोड़ की। दूसरे पक्ष की ओर से एक महिला ने बताया है कि वह चंडीगढ़ जा रही थी। रात को उसका पति और भाई बस अड्डे पर उसे छोड़ने के लिए आए थे। थोड़ी देर बाद वह दोनों खाना खाने चले गए। वह बस अड्डे पर अकेली खड़ी थी। इतने में एक लड़का बाइक पर घूमता हुआ आया और उसे अकेला देखकर उसने बदतमीजी करनी शुरु कर दी। तभी उसका भाई और पति भी वहां आ गए। इसके बाद उस लड़के और उसके दोस्तों ने भाई और पति को बुरी तरह से मारा। डीएसपी घुमारवीं चंद्रपाल सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।