- तीसरी बार हुआ हादसा, नहीं हो रहा समस्या का समाधान
-हर बार मरम्मत कर चलाया जा रहा काम
संवाद न्यूज एजेंसी
जुखाला (बिलासपुर)। विद्युत उपमंडल नम्होल के तहत अनुभाग जुखाला के गांव अपर स्योहला में बिजली का तार टूटकर आंगन में गिर गया। गनीमत रही कि कोई भी जानमाल का नुकसान नहीं हुआ। इससे पहले भी दो बार इसी मकान पर बिजली का तार टूटकर गिर चुका है, लेकिन इसका कोई स्थायी समाधान अभी तक नहीं हुआ है।
स्योहला निवासी मनोज ठाकुर ने बताया कि सुबह के समय उनके घर के पास गुजर रहा बिजली का तार टूटकर अचानक उनके आंगन में गिर गया। इस दौरान आंगन में कोई नहीं था नहीं तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था। मनोज ने कहा कि ऐसा नहीं कि यह पहली बार हुआ है। इससे पहले भी दो बार बिजली का तार टूट कर उनके आंगन में गिर चुका है। एक बार तो बच्चा इसकी चपेट में आते-आते बचा था। विद्युत बोर्ड इसकी मामूली मरम्मत करके चले जाते हैं इसका कोई भी स्थायी समाधान नहीं करता है। इस कारण उनके परिवार में इसे लेकर हमेशा डर बना रहता है। इस बिजली की लाइन में एक खंभा बिना टेड़ा हो गया है। इस कारण यह समस्या हो रही है। इसे ठीक करने की बजाय कर्मचारी इसकी मरम्मत करके चले जाते हैं। जुखाला पंचायत के पूर्व प्रधान मुंशी राम ठाकुर, स्योहला पंचायत के पूर्व उप प्रधान गोपाल शर्मा, देविंदर ठाकुर, चेतराम, रामपाल ठाकुर और रमाकांत धीमान आदि ने कहा कि यहां पर बिजली के खंभे में स्टे वायर लगाकर और इसमें नई ट्रेन डाली जाए, ताकि इसका स्थायी समाधान हो सके। इसके बारे में 1100 नंबर पर भी कई बार शिकायत की गई है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अगर अब इसका स्थायी समाधान नहीं किया गया तो इससे होने वाले नुकसान की जिम्मेदारी बोर्ड की होगी। साथ ही इसकी शिकायत मुख्यमंत्री से की जाएगी। उधर सहायक अभियंता दिनेश कौंडल ने बताया कि इस बिजली की लाइन में इस समस्या के समाधान के लिए जो भी आवश्यक होगा वह किया जाएगा, ताकि बार-बार समस्या न हो।