बरठीं (बिलासपुर)। देवभूमि टैक्सी यूनियन बरठीं के कार्यालय का सोमवार को विधिवत रूप से उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर सरकार से मांग की गई कि प्रदेश मैं जहां-जहां टैक्सी यूनियन बनी हैं वहां पर टैक्सी स्टैंड और कार्यालय की व्यवस्था की जाए।
ऑल हिमाचल टैक्सी ऑपरेटर एसोसिएशन के प्रदेश वरिष्ठ उपप्रधान मंगल ठाकुर ने कहा कि टैक्सी ऑपरेटर सरकार को करोड़ों रुपये टैक्स देते हैं। जबकि सरकार टैक्सी ऑपरेटरों के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार बसों को खड़ा करने के लिए बस स्टैंड की व्यवस्था व चालकों के लिए कमरे का प्रावधान करती है। इसके विपरीत टैक्सी चालक भी सरकार को सालाना करोड़ों रुपये टैक्स के रूप में अदा करते हैं लेकिन सरकार ने अभी तक पंजीकृत टैक्सी यूनियनों के लिए स्थायी तौर पर टैक्सी स्टैंड और चालकों के लिए कार्यालय की व्यवस्था तक नहीं की है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में लगभग एक लाख टैक्सी चालक हैं। सरकार की अनदेखी के कारण टैक्सी चालकों को अपनी टैक्सियां सड़क किनारे खड़ी करनी पड़ती हैं। उन्होंने सरकार से मांग की है कि प्रदेश में जहां जहां टैक्सी यूनियन बनी हुई है वहां पर टैक्सी स्टैंड और कार्यालय की व्यवस्था करे। उन्होंने टैक्सी स्टैंड व टैक्सी चालकों के लिए कार्यालय की व्यवस्था करने की घोषणा पर विधायक जीतराम कटवाल का आभार प्रकट किया। इस मौके पर बरठीं पंचायत के प्रधान कुलदीप धीमान, उपप्रधान राकेश मेहता, व्यापार मंडल के प्रधान अनिल गौतम, टैक्सी चालक विचित्र सिंह, अनिल कुमार, बाबूराम, विनय गौतम, रमन गौतम, करीम खान, फिरोज खान, शेर खान, अरुण कुमार, आशीष गौतम, नरेश धीमान, विक्रम ठाकुर, सुरजीत सिंह मौजूद रहे।