बिलासपुर। नियमितीकरण की धीमी प्रक्रिया से आक्रोशित शिक्षा विभाग में नियुक्त अंशकालीन जलवाहकों ने आंदोलन करने का मन बना लिया है। सोमवार को अंशकालीन जलवाहक एवं सेवादार चतुर्थ श्रेणी महासंघ बिलासपुर ने जिलाध्यक्ष चमन लाल शर्मा की अगुवाई में उच्च शिक्षा उपनिदेशक की अनुपस्थिति में सुपरीटेंडट-2 अशोक कैंथ को ज्ञापन सौंपा। निर्धारित कार्यकाल पूरा कर चुके अंशकालीन जलवाहकों को जल्द नियमित करने की मांग की।
चमन लाल शर्मा ने बताया कि जलवाहकों को 11 वर्ष में नियमित करने के आदेश शिक्षा विभाग ने जारी कर रखे हैं। सरकार ने शिक्षा विभाग में चतुर्थ श्रेणी के पद रिक्त नहीं होने की स्थिति में अन्य विभागों में नियमित करने के आदेश दिए हैं। जिले में 105 जलवाहक ऐसे हैं, जिन्होंने नियमितीकरण का निर्धारित कार्यकाल पूरा कर लिया है। लेकिन विभाग की नियमितीकरण करने की धीमी प्रक्रिया से इन जलवाहकों में रोष है। 31 मार्च से पहले विभाग इन जलवाहकों को नियमित करें अन्यथा मजबूरन आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा। इस मौके प्रेम चंद, अमित, पानो देवी आदि उपस्थित रहे।