Delhi youth died in car-truck hit near Gambhrola bridge in Bilaspur
बिलासपुर। पुलिस थाना सदर के तहत गम्भरोला पुल के पास एक कार की सड़क किनारे खड़े ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। तीन लोग गंभीर रुप से घायल हुए हैं। पुलिस ने मृतक का शव अपने कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया है और आगामी जांच शुरु कर दी है।
बताया जा रहा है कि हादसे का शिकार हुए युवक मनाली में नये साल का जश्न मनाकर कार से अपने घर दिल्ली के लिए लौट रहे थे। गम्भरोला पुल से थोड़ी दूरी पर एक ट्रक को ओवरटेक करते हुए पर्यटकों की कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि इस हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए।
कार सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, तीन पर्यटक गंभीर घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक का शव कब्जे में लिया। घायल हुए तीनों पर्यटकों को क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर इलाज के लिए लाया गया। डाक्टरों ने गंभीर हालत देखते हुए तीनों को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया।
मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी बिलासपुर राजकुमार ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे में गंभीर रुप से घायल हुए लोगों को उपचार के लिए पीजीआई चंडीगढ़ भेजा गया है। उन्होंने बताया कि मृतक की शिनाख्त अभी नहीं हो पाई है। घायलों की पहचान दिल्ली निवासी आकाश कुमार (26), मनीष पाल (27) जांगिड़ और शेखर (23) दिल्ली के रूप में हुई है।