जिला में सिलसिलेवार हो रही चोरी की वारदाते थमने का नाम नहीं ले रही है। एक के बाद एक चोरी की घटनाओं से लोग सहमे हुए हैं। शुक्रवार तड़के करीब 4-5 बजे शहर में एक मोबाइल और थोक विक्रेता की दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
इस दौरान मोबाइल की दुकान से चोर 1.70 लाख के मोबाइल फोन उड़ा ले गए। वहीं होलसेल की दुकान से भी कुछ सामान ले गए। मोबाइल की दुकान में चोरों की तस्वीर सीसीटीवी कैमरा में कैद हो गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। खबर की पुष्टि एसपी बिलासुपर राहुल नाथ ने की है।
मिली जानकारी के अनुसार शहर के चंपा पार्क के पास स्थित मोबाइल की दुकान में सुबह करीब 4 से पांच बजे के बीच चोरों ने दुकान का शटर तोड़ कर दुकान में प्रवेश किया। जहां विभिन्न कंपनियों के करीब 32 मोबाइल फोनों पर हाथ साफ कर दिया। वहीं दूसरी वारदात पीएनबी बैंक के साथ लगती थोक की दुकान में अंजाम दिया। दुकान से चोर छोटामोटा सामान ले गए।
इधर, घटना की जानकारी सुबह उस समय लगी जब दुकानदार अपनी दुकानों में पहुुंचे तो दुकानों के ताले टूटे पाए। सूचना मिलते ही पुलिस दल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने पूरी घटना का जायजा लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। मोबाइल की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में चोरी करते हुए आरोपी की तस्वीर मिल गई है जिसे सभी पुलिस थानों में भेज दिया गया है।
थाना प्रभारी भूपेंद्र ठाकुर ने बताया कि पुलिस के हाथ कई साक्ष्य लगे है। उन्होंने कहा कि आरोपी की धरपकड़ के लिए पुलिस ने अभियान शुरू कर दिया है। उन्होंने साफ किया कि आरोपी जल्द ही पुलिस की पकड़ में होंगे। सीसीटीवी कैमरा से मिले फोटो सभी थानों में भेज दिए गए हैं।