पुलिस थाना बरमाणा के तहत पंजगाईं में बीती रात पुलिस ने दो युवकों को चोरी करते हुए धर-दबोचा। पुलिस द्वारा पकड़े गए दोनों युवा समृद्ध परिवार से संबंध रखते हैं और पंजगाईं के ही रहने वाले हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर दोनों युवाओं को गिरफ्तार कर लिया है। मिली जानकारी के मुताबिक बीती रात करीब 12 बजे दोनों आरोपी चोरी के इरादे से कुलदीप कुमार निवासी पंजगाईं के घर में रोशनदान तोड़कर घर में घुस गए। इसी दौरान मकान मालिक ने उन्हें देख लिया और पुलिस को इस बारे में सूचना दे दी है।
इसके बाद पुलिस को इसकी सूचना मिलते ही बरमाणा पुलिस थाना के एसआई धर्मेंद्र की अगुवाई में टीम पंजगाईं पहुंची। यहां दोनों युवाओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
युवाओं की पहचान दिलीप कुमार और अक्षय कुमार के रूप में हुई है। पुलिस इस बात की छानबीन कर रही है कि युवा किस वजह से चोरी कर रहे थे। थाना प्रभारी प्रेम सिंह ने बताया कि पुलिस ने 457 और 511 आईपीसी के तहत मामला दर्ज कर दोनों युवाओं को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।