झंडूता उपमंडल के सरकारी स्कूल में शिक्षक पर छात्राओं से अश्लील हरकतें करने का आरोप लगा है। हैरानी इस बात की है कि पहली बार छेड़छाड़ करने के बाद आरोपी शिक्षक को माफीनामा देकर छोड़ दिया गया था, मगर इसके बाद भी शिक्षक ने छात्राओं से दोबारा छेड़छाड़ की। इसके बाद गुस्साए छात्रों और लोगों ने हॉकी और डंडों से शिक्षक की जमकर पिटाई कर दी। मामला शनिवार का है, जब शिक्षक अपने ससुराल से पराहू जा रहा था।
इसी दौरान शिक्षक ने रास्ते में एक सरकारी स्कूल जा रहीं कुछ छात्राओं को गाड़ी में लिफ्ट दे दी। िशक्ष्ाक उन्हें स्कूल छोड़ने चल पड़ा, मगर जैसे ही शिक्षक स्कूल पहुंचा तो उसने लड़कियों के साथ अश्लील हरकतें करनी शुरू कर दीं।
इसके बाद स्कूल के बच्चों और लोगों ने इसकी सूचना स्थानीय पंचायत उपप्रधान को दी। सूचना मिलते ही उपप्रधान सुरेश पटिया भी मौके पर पहुंचे। इसके बाद अध्यापक ने अपनी गलती मानते हुए लिखित में माफी मांगी। उपप्रधान के मौके से जाने के बाद आरोपी शिक्षक ने फिर से छात्राओं से अश्लील व्यवहार करना शुरू कर दिया।
इससे स्कूली छात्रों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।
छात्रों और उनके परिजनों ने शिक्षक की हॉकी और डंडों से जमकर पिटाई कर दीी। इस दौरान स्कूल में जमकर हंगामा भी हुआ। इसका वीडियो भी अमर उजाला के पास है। जानकारी के अनुसार उक्त शिक्षक के खिलाफ पहले भी इस प्रकार के कई मामले सामने आ चुके हैं। इसके बाद भी कुछ ऐसे शिक्षक सुधरने का नाम नहीं ले रहे हैं। हालांकि, मामले को मौके पर ही रफा-दफा कर दिया गया है।
स्कूल के शिक्षकों ने मामले के इतना तूल पकड़ने के बाद भी मामले की जानकारी शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों को देना मुनासिब नहीं समझा। इसके साथ ही मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को भी नहीं दी गई है।
इससे साफ स्कूल के शिक्षक उक्त आरोपी शिक्षक को बचाने में जुटे हैं। इस बारे में शिक्षा उपनिदेशक प्रारंभिक पीसी वर्मा ने बताया कि उन्हें इस बारे में अभी कोई शिकायत नहीं मिली है। ऐसा मामला है तो मामले पर जांच बिठाई जाएगी। उन्होंने कहा कि वह खुद भी मंगलवार को स्कूल जाकर पूरे मामले की छानबीन करेंगे। वहीं वीडियो को भी देखा जाएगा। उन्होंेने कहा कि अगर इस प्रकार का कोई मामला है तो आरोपी शिक्षक पर कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।