एनटीपीसी टाउनशिप जमथल में बुधवार रात को शॉपिंग कांपलेक्स में एक जनरल स्टोर से लाखों रुपये का सामान चोरी होने का मामला सामने आया है। बरमाणा पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद चोरी के मामले में वीरवार को एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को शुक्रवार को सीजीएम कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार स्टोर मालिक निखिल ने बताया कि जब लोग सुबह की सैर पर निकले, तो फोन पर दुकान के ताले टूटने और शटर खुला होने की सूचना दी। जब मौके पर पहुंचे तो दुकान का सामान बिखरा हुआ था। घटना की जानकारी पुलिस और पंचायत उपप्रधान शंकर सिंह ठाकुर को दी। बरमाणा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की।
बताया जा रहा है कि चोर दुकान से कीमती सामान और 20 हजार रुपये की नकदी चोरी हुई है। पुलिस ने एनटीपीसी टाउनशिप जमथल में बुधवार रात को शॉपिंग कॉम्पलेक्स में हुई चोरी की वारदात को चंद घंटों में ही सुलझाने में कामयाबी हासिल कर ली। पुलिस ने आरोपी 18 वर्षीय अश्वनी कुमार पुत्र अवतार सिंह जमथल निवासी को वीरवार शाम को पकड़ने में सफलता हासिल की है। बरमाणा थाना प्रभारी प्रेंम सिंह ने बताया कि आरोपी को शुक्रवार को सीजीएम कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा दिया गया है। एएसआई बलदेव ने बताया कि छानबीन के दौरान पुलिस को आरोपी के घर से चोरी का सामान भी मिल गया है।
उधर, एसपी बिलासपुर राहुल नाथ ने बताया कि बरमाणा थाना में चोरी का मामला दर्ज हुआ है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को अदालत में पेश किया गया। जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।